‘सबके राम’ का भाव समाज को जोड़ने और सद्भाव बढ़ाने की प्रेरणा देता है: सीएम धामी

Dehradun News National News Spiritual Uttarakhand News

सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन में आयोजित कार्यक्रम में एनकेबी टाइम्स का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एनकेबी टाइम्स की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता अत्यंत आवश्यक है।

बता दें कि सीएम ने कहा कि पत्रकारिता समाज को जागरूक करने और जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। पत्रकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की समस्याओं को उजागर कर उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनकेबी टाइम्स जनसरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता देने के साथ ही पत्रकारिता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को जन-जन तक पहुंचाने और इसे निरंतर आगे बढ़ाने के लिए सभी का सहयोग महत्वपूर्ण है।

साथ ही सीएम ने ‘सबके राम’ की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक धर्म, जाति या वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके आदर्श सम्पूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भारतीय परंपरा में भगवान श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम, आदर्श राजा और मानवीय मूल्यों का प्रतीक माना गया है। उनका जीवन त्याग, संयम, साहस, सहयोग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।

वहीं सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर भगवान श्रीराम को ऊर्जा, समाधान और अनंतकाल का प्रतीक बताया था। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श समाज को एकता और सद्भाव का संदेश देते हैं। अयोध्या से रामेश्वरम तक भगवान श्रीराम से जुड़ी आस्था और परंपराएं देश की सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करती हैं। ‘सबके राम’ का भाव समाज को जोड़ने, परस्पर सम्मान और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।

वहीं नमन कृष्ण महाराज ने भी भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों एवं उनके आध्यात्मिक महत्व पर विचार व्यक्त किए।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या एवं राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कुमाऊं मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित जनप्रतिनिधि एवं अन्य व्यक्ति मौजूद रहें।

Share it