लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में महापुरुषों और संतों के विचारों एवं आदर्शों को सम्मान देने के साथ सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेशभर में बड़े स्तर पर सौंदर्यीकरण कार्य शुरू किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत पूरे प्रदेश में कुल 4,030 स्थलों को चिह्नित किया गया है, जिनमें से 3,955 स्थलों पर विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया जा रहा है।
बता दें कि सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल महापुरुषों की प्रतिमाओं का सौंदर्यीकरण करना नहीं है, बल्कि उनके विचारों, संघर्षों और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना भी है। ये स्थल समाज के लिए प्रेरणा के केंद्र बनेंगे और आने वाली पीढ़ियों को महापुरुषों के आदर्शों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
साथ ही सीएम योगी ने कहा कि डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत चयनित सभी स्थलों पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरे किए जाएंगे। सरकार इन कार्यों को पूरी गुणवत्ता और प्रतिबद्धता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की भावनाओं को सम्मान देने और उसे सामाजिक सम्मान एवं गौरव से जोड़ने का माध्यम बनेगी।
ऐसे में सीएम ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने सामाजिक समानता, न्याय, अधिकार और समतामूलक समाज की स्थापना के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक व्यवस्था को दिशा देने का काम कर रहे हैं। इसी प्रकार सद्गुरु रविदास महाराज, संत कबीर दास और महर्षि वाल्मीकि ने भी अपने विचारों एवं रचनाओं के माध्यम से समाज को समानता, मानवता, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
वहीं उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों और संतों की प्रेरणा से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने तथा प्रत्येक वर्ग को सम्मान और समान अवसर उपलब्ध कराने की भावना को मजबूती मिलती है। प्रदेश सरकार इसी दृष्टिकोण के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
यह भी बता दें कि सीएम योगी ने विश्वास जताया कि डॉ. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत होने वाले सौंदर्यीकरण कार्य प्रदेश में सामाजिक सम्मान, समरसता और सांस्कृतिक चेतना को और मजबूत करेंगे। इन स्थलों का विकास महापुरुषों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ-साथ उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

