38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक, बनी कई योजनाएं

Dehradun News Uttarakhand News

बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन हेतु शासन से तैनात नोडल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। इस बैठक में कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से भी शामिल हुए। बैठक में सभी नोडल अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और विभिन्न कार्यों की अद्यतन स्थिति पर विस्तृत चर्चा की।

बता दें कि 38वें राष्ट्रीय खेल का आयोजन इस बार उत्तराखंड में 28 जनवरी से 14 फरवरी 2025 तक होगा। बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों का आंकलन करना और यह सुनिश्चित करना था कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूर्ण हों। इस दौरान खेल स्थलों की तैयारी, आवास, खानपान, परिवहन, सुरक्षा, और अन्य संबंधित व्यवस्थाओं की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया गया।

साथ ही बैठक में उद्घाटन समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए विशेष चर्चा की गई। अतिथियों की सूची, बैठने की व्यवस्था, और अन्य आवश्यक तैयारियों पर विचार किया गया। इसके अतिरिक्त, परिवहन व्यवस्था को सुचारू और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए भी विस्तृत योजनाएं बनाई गईं।

वहीं बैठक के दौरान नोडल अधिकारियों ने आयोजन से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों और चुनौतियों को प्रस्तुत किया। इन पर गहन विचार-विमर्श कर तत्काल समाधान प्रदान किए गए।

इस महत्वपूर्ण बैठक में अमित सिन्हा, विशेष प्रमुख सचिव (वी.सी. के माध्यम से), शैलेश बगौली, सचिव गृह, पंकज पांडेय, लोक निर्माण विभाग, रंजीत सिन्हा, सचिव उच्च शिक्षा, विनय शंकर पांडेय, आयुक्त गढ़वाल, निदेशक खेल, जिलाधिकारी देहरादून, एसएसपी देहरादून सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Share it