मंगलवार को देहरादून स्थित सचिवालय में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय गन्ना विकास सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड के गन्ना किसानों के हितों, गन्ना उत्पादन को बढ़ावा देने, आगामी पेराई सत्र की तैयारियों और चीनी मिलों के सुचारू संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
साथ ही बैठक के दौरान गन्ना विकास से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए किसानों के आर्थिक हितों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। गन्ना उत्पादन को प्रोत्साहित करने और पेराई सत्र के दौरान किसानों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
ऐसे में मंत्री बहुगुणा ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सम्मानित गन्ना किसानों की खुशहाली, उनके आर्थिक सशक्तिकरण और समयबद्ध भुगतान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने गन्ना किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने तथा गन्ना विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में पेराई सत्र की तैयारियों और चीनी मिलों के बेहतर संचालन को लेकर भी चर्चा की गई, ताकि गन्ना किसानों और चीनी मिलों के बीच समन्वय बना रहे।
वहीं आगामी पेराई सत्र गन्ना किसानों के लिए महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में चीनी मिलों का सुचारू संचालन, गन्ने की समय पर आपूर्ति और किसानों को भुगतान जैसे विषय विशेष महत्व रखते हैं। बैठक में इन सभी पहलुओं पर चर्चा करते हुए गन्ना विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विचार किया गया। बैठक का उद्देश्य गन्ना किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश में गन्ना उत्पादन और इससे जुड़े आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना रहा।
इस बैठक में गन्ना सचिव सुरेन्द्र नारायण पाण्डेय, सह अध्यक्ष मंजीत सिंह, उपाध्यक्ष श्यामवीर सैनी, ओमवीर सिंह, सदस्य दिनेश कुमार कौशिक एवं सुभाष भट्ट मौजूद रहें।

