बुधवार को देहरादून के श्री कृष्णा एन्क्लेव कैलाशपुर के निवासी विवेक श्रीवास्तव ने क्षेत्रीय विधायक विनोद चमोली से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को उनके समक्ष रखा। इस दौरान आसन नदी पर पुश्ता निर्माण के साथ-साथ कैलाशपुर में नदी बने पुराने पुल के पुनर्निर्माण की मांग भी उठाई गई।
बता दें कि विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले वर्ष बरसात के दौरान कॉलोनी में पानी भरने की समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की गई थीं। क्षेत्रवासियों की परेशानी को देखते हुए विधायक विनोद चमोली और स्थानीय लोगों के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप आसन नदी पर पुश्ता निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए विधायक और संबंधित प्रयासों में जुटे सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
साथ ही उन्होंने विधायक को अवगत कराया कि आसन नदी का प्रवाह क्षेत्र काफी चौड़ा है, जबकि कैलाशपुर में नदी पर बना वर्तमान पुल काफी छोटा है। ऐसे में तेज बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर पानी ओवरफ्लो होकर कॉलोनी में प्रवेश कर जाता है। इससे स्थानीय निवासियों को जलभराव सहित कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है और जनजीवन प्रभावित होता है।
ऐसे में उन्होंने ने मांग की कि जिस प्रकार नदी पर पुश्ता निर्माण का कार्य शुरू किया गया है, उसी के साथ पुराने पुल के पुनर्निर्माण पर भी गंभीरता से विचार किया जाए। उनका कहना है कि पुश्ते के निर्माण के साथ पुल की समस्या का समाधान होने से बरसात के दिनों में जलभराव के खतरे को कम करने में मदद मिल सकती है। क्षेत्रवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक विनोद चमोली ने तत्काल लोक निर्माण विभाग (PWD) को पत्र प्रेषित कर मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि पुश्ता निर्माण के साथ पुल के पुनर्निर्माण की दिशा में भी जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे हर वर्ष बरसात के मौसम में होने वाली परेशानी से राहत मिल सकेगी।

