निराश्रित गोवंश को मिल रहा आश्रय, प्रदेश के 81 गोसदनों में 16 हजार से अधिक गोवंश संरक्षित – सीएम धामी

Dehradun News Uttarakhand News

गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सप्तऋषि, हरिद्वार स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला द्वारा गौसेवा, गोवंश संरक्षण एवं मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कामधेनुलोक जैसी पहल गौसंरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बता दें कि सीएम ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान है। हमारी परंपरा में गौ माता को सर्वदेवमयी माना गया है। गांवों में आज भी गौ माता को परिवार का सदस्य मानकर उनकी सेवा की जाती है। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी अभिन्न अंग है। गौसंरक्षण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण आजीविका को भी बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ यह अभियान आज व्यापक स्वरूप ले चुका है। संस्था द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा और संरक्षण किया जा रहा है। अकेले हरिद्वार में हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध एवं बीमार गोवंश को आजीवन संरक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिनमें बड़ी संख्या में नंदी भी शामिल हैं।

साथ ही सीएम ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वर्तमान में प्रदेश के 72 पंजीकृत एवं 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है, ताकि गांवों के स्तर पर भी गौसेवा एवं गौसंरक्षण की व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है। इन स्थानों पर गौशालाओं के निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण वर्तमान समय की एक महत्वपूर्ण चुनौती है। कृषि कार्यों में मशीनों का उपयोग बढ़ने से गोवंश, विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता में परिवर्तन आया है। ऐसे में गौसंरक्षण के लिए दीर्घकालिक एवं व्यावहारिक समाधान विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल गौशालाओं का निर्माण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना भी जरूरी है। इससे गौसंरक्षण के साथ किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।

ऐसे में सीएम ने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार गौसंरक्षण से संबंधित कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश के प्रति क्रूरता एवं गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं हरिद्वार की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेंगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार व्यापक तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क एवं यातायात व्यवस्था, नए पुलों, संपर्क मार्गों तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक एवं प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं अन्य व्यक्ति मौजूद रहें।

Share it