उत्तराखंड के आयुक्त खाद्य आई ए एस आनंद स्वरूप ने जानकारी दी है कि भारत सरकार ने देशहित को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है कि प्रधानमंत्री ग़रीब कल्याण अन्न योजना के राशन कार्ड धारकों (अन्त्योदय एवं प्राथमिक परिवारों) को अप्रैल-मई-जून माह का अग्रिम खाद्यान वितरण इसी महीने अर्थात् अप्रैल माह में किया जाएगा।
बता दें कि भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड में “प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्य योजना के राशन कार्ड धारकों (अन्त्योदय एवं प्राथमिक परिवार) को अप्रैल, मई एवं जून 2026 का अग्रिम खाद्यान्न का वितरण माह अप्रैल 2026 में किया जायेगा।
साथ ही माह अप्रैल, मई एवं जून 2026 हेतु ई० पॉस मशीन में ऑनलाइन खाद्यान्न वितरण हेतु व्यवस्था कर ली गयी है। वहीं अप्रैल-मई-जून तीनों महीनों के ऑनलाइन खाद्यान्न वितरण हेतु संबंधित राशनकार्ड धारक को पृथक-पृथक तीन बार बायोमेट्रिक ट्रान्जेक्शन करना होगा।
ऐसे में माह मार्च 2026 में खाद्यान्न प्राप्त करने से वंचित राशन कार्ड धारक भी दिनांक 15 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं। उत्तराखंड के सभी अन्त्योदय एवं प्राथमिक परिवार के राशनकार्ड धारकों से अपील की जाती है कि वे अपने निकटतम राशन की दुकान से तीन माह (अप्रैल, मई एवं जून 2026) का खाद्यान्न प्राप्त कर ले।
