प्रगतिशील क्लब के 32वें बसंत श्री से सम्मानित हुए दून के जयंती प्रसाद नौटियाल

Dehradun News National News Spiritual Uttarakhand News

रविवार को देहरादून की जानी मानी सामाजिक संस्था प्रगतिशील क्लब के 50 वर्ष पूरे होने पर स्वर्ण जयंती समारोह मनाया गया साथ ही प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बसंत श्री सम्मान समारोह भी किया गया जिसमें इस बार के बसंत श्री रहे जयंती प्रसाद नौटियाल।

बता दें कि अपने उद्बोधन में संस्था के अध्यक्ष पीयूष भटनागर ने बताया कि 1976 में प्रगतिशील क्लब का गठन हुआ था और पिछले 32 वर्षों से बसंत श्री सम्मान समारोह होता आ रहा है। उन्होंने बताया कि जयंती प्रसाद नौटियाल की उपलब्धियों को देखते हुए बसंत श्री का सम्मान देते हुए उन्हें गौरव की अनुभूति हो रही है।

साथ ही संस्था ने काव्य गोष्ठी का भी आयोजन किया जिसमें देहरादून के जाने माने कवि एवं लेखकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ मूर्तिकार, चित्रकार, लेखक, और गीतकार ज्ञानेंद्र कुमार ने किया और मुख्य अतिथि वरिष्ठ लेखक और कवि लक्ष्मी कांत त्रिपाठी रहे।

ऐसे में संस्था के सचिव स्वप्निल सिन्हा ने अपने उद्बोधन में पिछले सभी बसंत श्री से सम्मानित विभूतियों का परिचय दिया। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि यदि इसी प्रकार सबका साथ बना रहे तो इस साथ को हम और ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। साथ के साहित्यिक सचिव डॉ. राजेश डोभाल ने बधाई गीत सुनाकर बसंत श्री जयंती प्रसाद नौटियाल को बधाई दी।

वहीं कार्यक्रम में बसंत श्री से सम्मानित जयंती प्रसाद नौटियाल के सम्मान पत्र को वरिष्ठ कवि सत्य प्रकाश शर्मा ‘सत्य’ ने पढ़कर सुनाया। साथ ही उन्होंने अपनी सुंदर सी रचना सुनाई। साथ ही अन्य कवियों ने भी अपनी अपनी सर्वश्रेष्ठ रचनाएं पढ़ी। अंत में जयंती प्रसाद नौटियाल ने अपने वक्तव्यों से सबको आश्चर्यचकित कर दिया। कार्यक्रम का संचालन संस्था के कोषाध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव ने किया।

यह भी बता दें कि संस्था ने वहां आए सभी कवियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

इस मौके पर कौशल्या अग्रवाल, डॉ. अनिल शास्त्री, सत्य प्रकाश शर्मा, रईस अहमद फ़िग़ार, शौहर जलालाबादी, अरविंद गंगवार, मोनिका अरोड़ा, दीपक अरोड़ा, सुभाष चंद्र वर्मा, सतेंद्र शर्मा, अंजली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Share it