गुरुवार को टिहरी गढ़वाल जनपद में एक भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें 8 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया 2 लोग घायल हैं, जिन्हें 108 सेवा के माध्यम से जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया। आपको बता दें कि थाना चंबा क्षेत्र के चंबा-कोटी कालोनी मोटर मार्ग पर नैल गांव के पास एक मैक्स कैम्पर वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया।
वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि इस हादसे में वाहन सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो सवार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वाहन में सवार लोग ऋषिकेश से एक ग्रामीण के पिता की अंत्येष्टि के बाद घनसाली लौट रहे थे।
ऐसे में इस वाहन दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की गई है। और राज्य सरकार द्वारा भी उत्तराखंड सड़क परिवहन दुर्घटना राहत नियमावली के तहत मृतक आश्रितों को 2-2 लाख रुपये सहायता राशि प्रदान की जाएगी ।
वहीं इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी मृतक आश्रितों को 3-3 लाख रुपये और गंभीर घायलों को 50-50 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
यह भी बता दें कि धामी ने कहा कि इस दुखद घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का समुचित एवं त्वरित उपचार कराया जाए। सीएम ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखने और उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।
