बुधवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मझौन, देहरादून में प्रसिद्ध निशानेबाज़ एवं पद्मश्री स्व. जसपाल राणा के त्रयोदशी संस्कार में शामिल होकर स्वर्गीय जसपाल राणा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बता दें कि भारतीय निशानेबाज़ और कोच जसपाल राणा का निधन जून 2026 में 49 वर्ष की आयु में हुआ। एक रिपोर्ट के अनुसार उन्हें हृदय संबंधी गंभीर समस्या हुई थी। म्यूनिख में शूटिंग विश्व कप से लौटने के बाद उन्हें सीने में दर्द और असहजता महसूस हुई, जिसके बाद दिल्ली के एक अस्पताल में उनके हृदय में स्टेंट डालने की प्रक्रिया की गई थी। उपचार के दौरान उत्पन्न जटिलताओं के कारण उनका निधन हो गया।
वैसे जसपाल राणा उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से थे और भारत के महानतम पिस्टल निशानेबाज़ों में गिने जाते हैं। उन्होंने एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में अनेक पदक जीते तथा बाद में कोच के रूप में भी बड़ी सफलता प्राप्त की। उनके निधन से भारतीय खेल जगत को गहरा आघात पहुँचा था, और प्रधानमंत्री सहित अनेक खिलाड़ियों एवं खेल संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वर्गीय जसपाल राणा के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। साथ ही उन्होंने परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा भगवान से इस दुःख की घड़ी में परिवार को धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सौरव बहुगुणा, खजान दास, सांसद डॉ. महेश शर्मा, अजय भट्ट, डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, विधायक पंकज सिंह एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
