रविवार को राजधानी देहरादून में लोक आस्था, पवित्रता, त्याग, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक चार दिवसीय महापर्व छठ हर्षोल्लास एवं पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न छठ घाटों और जलाशयों पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पारंपरिक लोकगीतों, छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की सहभागिता ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। उन्होंने स्वयं छठ पर्व में शामिल होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की।
बता दें कि छठ पूजा भारतीय संस्कृति में प्रकृति और मानव जीवन के गहरे संबंध को दर्शाने वाला विशिष्ट पर्व है। इस महापर्व में प्रत्यक्ष देवता भगवान सूर्य की उपासना के साथ छठी मैया की आराधना की जाती है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और प्रातःकालीन अर्घ्य की परंपरा का विशेष महत्व है। व्रती पूरे नियम, निष्ठा, आत्मसंयम और पवित्रता के साथ इस व्रत का पालन करते हैं। इस पर्व की सबसे विशेष बात यह है कि इसमें अस्त होते सूर्य के साथ-साथ उगते सूर्य को भी अर्घ्य दिया जाता है, जो जीवन में संतुलन, विनम्रता और हर परिस्थिति के प्रति कृतज्ञ रहने का संदेश देता है।
साथ ही छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता, पारिवारिक प्रेम, लोक संस्कृति और सामूहिक सहभागिता का भी प्रतीक है। इस पर्व में जाति, वर्ग और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी लोग एक साथ पूजा-अर्चना में सहभागी बनते हैं। साथ ही जल, सूर्य, वायु और प्रकृति के अन्य तत्वों के प्रति सम्मान तथा स्वच्छता का संदेश भी मिलता है।
ऐसे में सीएस बर्द्धन ने छठ पूजा के शुभ अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा आस्था, श्रद्धा, त्याग एवं प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, स्वच्छता, अनुशासन, आत्मसंयम एवं सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कामना की कि सूर्यदेव एवं छठी मैया की कृपा से सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनी रहे तथा उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।
वहीं देहरादून में छठ पर्व के आयोजन ने एक बार फिर उत्तराखंड की सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक सौहार्द और लोक परंपराओं के प्रति सम्मान की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की।

