मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स, देहरादून में गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा द्वारा गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए समस्त संगत एवं प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बता दें कि सीएम ने कहा कि सिख पंथ के संस्थापक एवं प्रथम गुरु गुरु नानक देव की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और अंधविश्वास के विरुद्ध आवाज उठाते हुए मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाया। उन्होंने संदेश दिया कि ईश्वर एक है और सभी मनुष्य समान हैं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव की तीन प्रमुख शिक्षाएं हमें परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से परिश्रम कर आजीविका अर्जित करने और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं। इन शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में अपनाकर हम एक बेहतर समाज के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।
साथ ही सीएम ने कहा कि सिख परंपरा में निहित ‘सरबत दा भला’ की भावना हमें सभी के सुख और कल्याण की कामना करना सिखाती है। श्री गुरु नानक देव जी ने संगत और लंगर की परंपरा के माध्यम से सामाजिक समानता को व्यवहार में स्थापित किया। लंगर में सभी जाति, धर्म और वर्ग के लोग एक ही पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यह समानता और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं ने संपूर्ण मानव जाति को एक समान समझने और प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करने की प्रेरणा दी है। सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है। देश की सीमाओं की रक्षा, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों तथा जरूरतमंदों की सहायता में सिख समाज का योगदान अनुकरणीय है।
वहीं सीएम धामी ने कहा कि ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना, प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करना और जरूरतमंदों की सहायता करना ही गुरु नानक देव की शिक्षाओं का व्यावहारिक अनुसरण है। उन्होंने सभी से प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर सेवा को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की भावना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस मौके पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में साध संगत मौजूद रहें।

