मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिल्क्यारा-बड़कोट सुरंग हादसे और 17 दिनों तक चले रेस्क्यू अभियान को याद करते हुए भावुक अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि 12 नवंबर 2023 को जब दीपावली के दिन निर्माणाधीन सुरंग में 41 श्रमिकों के फंसे होने की सूचना मिली, तो उनकी सबसे बड़ी चिंता सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने की थी। एक मुख्यमंत्री के रूप में यह केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि उनके लिए व्यक्तिगत संकल्प भी था।
बता दें कि सीएम धामी ने कहा कि रेस्क्यू अभियान के दौरान हर बैठक, समीक्षा और निर्णय के केंद्र में सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों की जिंदगी और उनके परिवारों की उम्मीदें थीं। उन्होंने श्रमिकों के परिजनों को भरोसा दिलाया था कि सरकार पूरी ताकत से प्रयास कर उनके अपनों को सुरक्षित वापस लाएगी। परिवारों के साथ बिताए गए वे पल आज भी उनकी स्मृतियों में हैं।
साथ ही उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान लगातार कठिन चुनौतियां सामने आती रहीं। कई बार सफलता करीब नजर आती थी, लेकिन मलबे, चट्टानों और मशीनों में तकनीकी बाधाओं के कारण रणनीति बदलनी पड़ती थी। ऑगर मशीन से ड्रिलिंग में आई रुकावटों के बावजूद रेस्क्यू अभियान नहीं रोका गया। क्षैतिज और वर्टिकल ड्रिलिंग सहित वैकल्पिक रास्तों पर एक साथ काम किया गया। देश-विदेश के विशेषज्ञों और विभिन्न एजेंसियों की मदद से हर संभव विकल्प अपनाया गया।
ऐसे में सीएम ने कहा कि सुरंग के भीतर 17 दिनों तक कठिन परिस्थितियों में रहने के बावजूद श्रमिकों ने जिस साहस और धैर्य का परिचय दिया, वह बाहर काम कर रही टीम के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार अभियान की जानकारी लेते रहे और उनका स्पष्ट निर्देश था कि श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, प्रशासन, तकनीकी विशेषज्ञों, केंद्र एवं राज्य सरकार की एजेंसियों और स्थानीय लोगों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह पूरे देश के सामूहिक प्रयास का अभियान था।
वहीं सीएम ने 28 नवंबर 2023 के उस ऐतिहासिक क्षण को याद करते हुए कहा कि जब पहला श्रमिक सुरंग से बाहर आया तो वह पल शब्दों से परे था। इसके बाद एक-एक कर सभी 41 श्रमिकों के सुरक्षित बाहर आने से उनके परिवारों के साथ पूरे देश में खुशी और राहत की लहर दौड़ गई। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने 17 दिनों तक चिंता और अनिश्चितता में समय बिताया था, उनके अपनों को सुरक्षित लौटते देखना उनके लिए सबसे बड़ी संतुष्टि थी। उन्होंने बाबा बौखनाग के प्रति स्थानीय लोगों और श्रमिकों के परिवारों की गहरी आस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बाबा बौखनाग की कृपा और लोगों की प्रार्थनाओं ने कठिन समय में विश्वास और हौसला बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह भी बता दें कि सीएम धामी ने कहा कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान ने सिखाया कि संकट कितना भी बड़ा क्यों न हो, उम्मीद और प्रयास नहीं छोड़ने चाहिए। इस अभियान ने साहस, धैर्य, त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय, तकनीकी विशेषज्ञता और मानवीय संवेदना के महत्व को भी साबित किया।

