सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था जीवंती देवभूमि के तत्वावधान में गुरुवार को करवा चौथ के पावन अवसर पर एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था की संस्थापक अध्यक्ष कविता बिष्ट के निजी आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और प्रेम, समर्पण एवं दांपत्य जीवन की भावनाओं को गीतों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम में भाजपा की सह-संयोजिका ममता पांगती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि अमर उजाला की पत्रकार रेणु सकलानी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का कुशल संचालन संस्था की संयोजिका क्षमा कौशिक ने किया।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने पतियों को समर्पित गीत प्रस्तुत किए। इन गीतों के माध्यम से महिलाओं ने प्रेम, विश्वास, भावनात्मक जुड़ाव और वैवाहिक रिश्तों की खूबसूरती को सुरों में पिरोया। गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को भावपूर्ण एवं यादगार बना दिया। साथ ही कुछ प्रतिभागियों ने नृत्य भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का माहौल उत्साह, आत्मीयता और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। इस आयोजन ने करवा चौथ के पारंपरिक महत्व को रेखांकित करने के साथ ही महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आपसी मेल-मिलाप का अवसर भी प्रदान किया। संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम ने भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और दांपत्य प्रेम की भावना को खूबसूरती से प्रस्तुत किया।
वहीं संस्था की संयोजिका क्षमा कौशिक ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं को करवा चौथ की कथा सुनाई। और संस्था की ओर से सभी को करवा चौथ की शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर संगीता लखेड़ा, प्रियंका धीमान, ज्योति राजवार, रेखा जोशी, साधना शर्मा, उमा, संगीता मित्तल, वीणा नयाल, जानकी नौटियाल शर्मा, गंगा बिष्ट, वैशाली रावत, महिमा श्री, सोनिका श्रीवास्तव, सृष्टि शर्मा, शीतल तिवारी, शिवानी, नेहा बिष्ट, अदिति बिष्ट, अल्का तिवारी मौजूद रहें।

