यूपी में निवेश को लेकर सिंगापुर के उद्योगपतियों ने दिखाई रुचि, सीएम योगी ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा

International News National News Uttra Pradesh

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने और औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में सिंगापुर के शीर्ष उद्योगपतियों एवं निवेशकों के 14 सदस्यीय उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के नेतृत्व में आए इस प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में लॉजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, ग्रीन एनर्जी, अर्बन प्लानिंग और हॉस्पिटैलिटी सहित कई रणनीतिक क्षेत्रों में निवेश की इच्छा जताई।

बैठक के दौरान प्रदेश में नए निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण तथा सतत अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में कार्यरत अग्रणी वैश्विक कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान भी किया गया।

₹60 हजार करोड़ के निवेश समझौतों को धरातल पर उतारने पर जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि फरवरी 2026 में सिंगापुर यात्रा के दौरान लगभग ₹60,000 करोड़ के निवेश समझौतों पर सहमति बनी थी। सिंगापुर रोडशो के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार ने निवेशकों को सुरक्षा, स्थिरता और त्वरित कार्यवाही का जो भरोसा दिया था, प्रदेश सरकार आज भी उसी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब सरकार का मुख्य लक्ष्य निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारना और औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन शुरू कराना है। उन्होंने कहा कि समझौता ज्ञापन से लेकर विनिर्माण और भूमि पूजन से उत्पादन तक की पूरी प्रक्रिया में राज्य सरकार निवेशकों के साथ खड़ी रहेगी। निवेश से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

छह प्रमुख क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर फोकस

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और सिंगापुर के बीच औद्योगिक साझेदारी को ठोस परिणामों तक पहुंचाने के लिए छह प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया।

इनमें जेवर क्षेत्र, एक्सप्रेस-वे और फ्रेट कॉरिडोर के माध्यम से मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग का विकास, सेमीकंडक्टर फैब यूनिट और इलेक्ट्रॉनिक्स सहित हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग, डेटा सेंटर, क्लाउड सर्विसेज एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रमुख हैं।

इसके साथ ही सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, अपशिष्ट प्रबंधन और जल पुनर्चक्रण जैसी स्वच्छ तकनीकों में निवेश की संभावनाओं को भी प्राथमिकता दी गई।

यूपी-सिंगापुर साझेदारी को मिलेगी नई गति

बैठक में मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के निवेशकों को उत्तर प्रदेश में उपलब्ध औद्योगिक अवसरों और निवेश के अनुकूल वातावरण से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल की ओर से विभिन्न रणनीतिक क्षेत्रों में निवेश की रुचि व्यक्त करना प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक साझेदारी की संभावनाओं को दर्शाता है।

सरकार का जोर निवेश प्रस्तावों को केवल समझौतों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें समयबद्ध तरीके से लागू कराने और उत्पादन शुरू कराने पर है। इस पहल से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों, आधुनिक तकनीक और निवेश आधारित विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Share it