उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी बस गूलर पुल से करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड़ नदी में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को रेस्क्यू कर एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे में जान गंवाने वाले सभी नौ लोगों की पहचान कर ली गई है।
बता दें कि प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की बस संख्या UK09PA-9779 मंगलवार सुबह करीब 3:15 बजे 34 यात्रियों को लेकर हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 4:50 बजे गूलर पुल के पास बस अनियंत्रित होकर लगभग 120 फीट नीचे गूलर गाड़ नदी में जा गिरी। बस में चालक सहित कुल 34 लोग सवार थे।
ऐसे में हादसे की सूचना मिलते ही थाना मुनि की रेती, थाना नरेंद्र नगर, फायर सर्विस नरेंद्र नगर की आपदा राहत टीम और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान में शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप की टीम ने भी सहयोग किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए 108 एंबुलेंस के साथ स्थानीय अस्पतालों, निजी अस्पतालों, एलएंडटी और नवयुगा कंपनी की एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया।
वहीं पुलिस और बचाव दलों ने तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाते हुए एक घंटे के भीतर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में घायल 27 लोगों को तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया। वहीं, सात लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि दो लोगों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सभी नौ मृतकों की हुई पहचान
शुरुआत में हादसे में जान गंवाने वाले कुछ लोगों की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन अब सभी नौ मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है। मृतकों में बस चालक और परिचालक भी शामिल हैं।
आपको बता दें कि मृतकों की पहचान पन्नू (55) पुत्र घुंघरू निवासी मेखण्डी, पौड़ी गढ़वाल; अनुज भंडारी (23) निवासी ग्राम बडल भवानी, शिवपुरी, टिहरी गढ़वाल (परिचालक); राज राय पुत्र द्वारिका नाथ राय निवासी दक्षिण नजीर पर खारला, जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल; दीपक गुप्ता (50) निवासी मध्य प्रदेश; राजेंद्र सिंह (55) निवासी पोखरी, रुद्रप्रयाग (बस चालक); विक्की (37) पुत्र सेवाराम निवासी पावर हाउस, चंदौसी, संभल, उत्तर प्रदेश; सुशील प्रताप सिलोडी (55) पुत्र ब्रह्मानंद सिलोडी; विकास गुप्ता निवासी मध्य प्रदेश तथा रोहित कश्यप निवासी चंदौसी, संभल, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
घायलों में तीन साल की बच्ची भी शामिल
ऐसे में हादसे में घायल 27 यात्रियों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा जारी घायलों की सूची में झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, असम, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के यात्री शामिल हैं। घायलों में तीन वर्षीय बच्ची आयरा और 64 वर्षीय आसापंथ भी शामिल हैं।
दुर्घटना के कारणों की जांच जारी
यह भी बता दें कि पुलिस के अनुसार, बस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। वहीं, घटनास्थल से यात्रियों का सामान सुरक्षा की दृष्टि से चौकी गूलर में रखवाया गया है। पुलिस द्वारा हादसे से संबंधित आवश्यक कानूनी एवं अन्य कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

