मलिन बस्ती के बच्चों के संग जन जागरण अभियान समिति ने बांटी खुशियां

Dehradun News Uttarakhand News

रविवार को देहरादून के एमडीडीए कॉलोनी डालनवाला के निकट स्थित सूरज बस्ती में सामाजिक संस्था जन जागरण अभियान समिति द्वारा बस्ती के बच्चों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल रंगों के साथ उत्सव मनाना नहीं, बल्कि बच्चों को सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल होली मनाने के प्रति जागरूक करना भी था।

बता दें कि कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बताया गया कि होली खेलते समय प्राकृतिक (नेचुरल) रंगों का ही प्रयोग करें, जिससे त्वचा और आंखों को कोई हानि न पहुंचे। साथ ही, पानी के अनावश्यक दुरुपयोग से बचने की अपील की गई। बच्चों को यह भी समझाया गया कि किसी के आंख, कान या चेहरे पर जबरन रंग न डालें तथा आपसी सौहार्द और सम्मान बनाए रखते हुए त्योहार मनाएं।

संस्था की ओर से बच्चों को गुलाल एवं पिचकारी सहित पठन पाठन की वस्तुएँ वितरित की गई, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और सामाजिक संदेश का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

वही संस्था के संस्थापक/अध्यक्ष स्वप्निल सिन्हा ने कार्यक्रम में यह संदेश दिया कि त्योहार केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर होते हैं। उन्होंने बच्चों को कई अहम जानकारियों से जागरूक किया।

ऐसे में सभी ने बच्चों के साथ रंग खेलकर होली की शुभकामनाएं दीं और समाज में सकारात्मक जागरूकता का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर सचिव विवेक श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष प्रमोद बेलवाल, संरक्षक धनंजय कुकरेती, अपूर्वा वत्स, राजेंद्र जोशी, भानू जोशी, अथर्व कुकरेती, हार्दिक जोशी, आशा कार्यकर्ता वीना और वंदना सहित अन्य सदस्य मौजूद रहें ।

Share it