महिला और पुरुष, दोनों को समान रूप से मिले न्याय का अधिकार : कुसुम कंडवाल

Dehradun News Uttarakhand News

मंगलवार को उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने देहरादून स्थित आयोग कार्यालय में महिला अधिकारों के संरक्षण, पारिवारिक विवादों की सुनवाई तथा उनसे जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की। इस दौरान उन्होंने संबंधित मामलों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा निष्पक्ष तरीके से उनके समाधान पर जोर दिया।

बता दें कि अध्यक्ष कंडवाल ने कहा कि पारिवारिक विवादों के मामलों में आयोग का उद्देश्य केवल शिकायतों और विवादों का निस्तारण करना नहीं है, बल्कि संवाद, संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के माध्यम से ऐसा न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे संबंधित पक्षों को उचित न्याय मिल सके और पारिवारिक संबंधों में भी सकारात्मक सुधार की संभावना बनी रहे।

साथ ही उन्होंने कहा कि उनका स्पष्ट मानना है कि न्याय किसी एक पक्ष का समर्थन करने का माध्यम नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका आधार सत्य, उपलब्ध तथ्यों और निष्पक्षता पर टिका होना चाहिए। महिला से संबंधित मामला हो अथवा पुरुष से जुड़ी कोई शिकायत, प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने और न्याय पाने का समान अधिकार है।

वहीं कंडवाल ने कहा कि न्याय की वास्तविक पहचान किसी के पक्ष में खड़े होने में नहीं, बल्कि बिना किसी पूर्वाग्रह के सच्चाई को समझने और निष्पक्ष निर्णय लेने में है। आयोग इसी भावना के साथ प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से विचार करते हुए न्यायसंगत समाधान की दिशा में कार्य कर रहा है।

Share it