सामाजिक संस्था जन जागरण अभियान समिति (रजिo) देहरादून द्वारा पूर्व मेजर जनरल/पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद खण्डूडी को उनके एतिहासिक और उत्कृष्ट कार्यो हेतु देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” प्रदान कराने हेतु भारत के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री उत्तराखण्ड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अनुरोध किया गया है।
बता दें कि संस्था के संस्थापक अध्यक्ष स्वप्निल सिन्हा के नेतृत्व में 5 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड की विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी से मुलाकात कर उनसे पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद खण्डूडी के स्वास्थ्य की जानकारी ली । वही संस्था ने विस अध्यक्ष को भुवन चंद खण्डूरी जी को उनके एतिहासिक और उत्कृष्ट कार्यो हेतु देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” दिलाने के प्रयास से उन्हें अवगत कराया ।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री खण्डूडी का पूरा जीवन ही राष्ट्र सेवा में समर्पित रहा है। उन्होंने सरकार और पार्टी द्वारा दिए सभी दायित्वों का बखूबी निर्वहन किया है। उनकी पुत्री होने के नाते मुझे सबसे ज्यादा समय उनके साथ बिताने का अवसर मिला है इसलिए मैं यह पूरी विश्वास के साथ बता सकती हूं कि वह एक दूरगामी सोचने वाले व्यक्ति है। मैं उनके पुराने मित्रों से उनकी सेना के दौरान के अनेकों किस्से सुनती आई हूँ जो एक बेटी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि मैं संस्था के भावना का सम्मान करती हूं।
वहीं संस्था के संस्थापक/अध्यक्ष स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि संस्था पूर्व सीएम बी सी खण्डूडी के देश और उत्तराखंड के प्रति किए गए कार्यो को भुला नहीं सकती, उनका सेना सहित बतौर केंद्रीय मंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का कार्यकाल एतिहासिक रहा। उन्होंने राज्यहित में अनेकों बड़े फैसले लिए थे। उन्होंने भ्रष्टाचार को खत्म करने के उद्देश्य पहला लोकायुक्त गठन कर समूचे प्रदेश वासियों के दिलों में एक विशेष पहचान बना लिया था। उन्होंने कहा कि आज उनका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं है, ऐसे में संस्था आज प्रयास कर रही है कि उन्हें उनके देश और उत्तराखंड पर किए जाने वाले अतुलनीय योगदान को लेकर देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ प्रदान किया जाए।
इस दौरान संरक्षक डाॅ. राजेश डोभाल, सचिव विवेक श्रीवास्तव, उपाध्याय प्रमोद बेलवाल और सदस्य डॉ. मोनिका कोषवाल मौजूद रहीं।
