मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के दौरान भारत में रूसी संघ के ट्रेड कमिश्नर श्री आंद्रेई सोबोलेव तथा रूस की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ राउंडटेबल बैठक की। बैठक में उत्तर प्रदेश और रूस के बीच आर्थिक सहयोग को विस्तार देने तथा औद्योगिक साझेदारी को नई गति प्रदान करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बता दें कि बैठक का मुख्य केंद्र उत्तर प्रदेश में रूसी निवेश की संभावनाओं को बढ़ाना और निवेश प्रक्रियाओं को अधिक सुगम एवं तेज बनाना रहा। इस दौरान उन्नत विनिर्माण, रेलवे उपकरण, भारी इंजीनियरिंग, रक्षा, एयरोस्पेस और ऊर्जा प्रौद्योगिकी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर तलाशने पर विशेष जोर दिया गया।
साथ ही सीएम योगी ने रूसी प्रतिनिधिमंडल के साथ औद्योगिक विकास और निवेश साझेदारी को लेकर विचार-विमर्श किया। बैठक में दोनों पक्षों के बीच तकनीकी सहयोग, औद्योगिक साझेदारी और निवेश के माध्यम से आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
ऐसे में उत्तर प्रदेश में औद्योगिक आधारभूत ढांचे के विस्तार और निवेश अनुकूल वातावरण के बीच रूस की कंपनियों के साथ यह संवाद प्रदेश में नए औद्योगिक अवसरों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के मंच से हुई यह बैठक उत्तर प्रदेश और रूस के बीच आर्थिक संबंधों को व्यापक बनाने, आधुनिक तकनीकों के आदान-प्रदान और औद्योगिक विकास में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं को सामने लाती है।
