महिला सशक्तिकरण के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता जरूरी : कुसुम कंडवाल

Dehradun News National News Uttarakhand News

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और समाज में उनके उल्लेखनीय योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित दस दिवसीय स्वदेशी महोत्सव (उत्तराखंड विकास प्रदर्शनी) के छठे दिन बुधवार को ‘उद्यमिता महिला सम्मान समारोह’ एवं ‘मातृशक्ति कवयित्री सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। स्मृति विकास संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इन दोनों कार्यक्रमों ने महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, साहित्य और संस्कृति की अनूठी मिसाल पेश की।

बता दें कि उद्यमिता महिला सम्मान समारोह में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उमा संस्था की अध्यक्ष साधना शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड राज्य वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन की प्रबंध निदेशक एवं उत्तराखंड संस्थागत सेवा बोर्ड की सदस्य रमिंद्री मंद्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

साथ ही समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि महिलाएं आज आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। महिला सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ महिलाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने के साथ-साथ उन्हें स्वयं निर्णय लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने के समान अवसर प्रदान करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने में मातृशक्ति की भूमिका को अहम बताया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों के पास स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं, और ऐसे आयोजन उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराते हैं।

ऐसे में महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या के कार्यक्रमों ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। इस दौरान सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी श्री आर्येंद्र शर्मा जी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विंडलास बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड ग्रुप के अध्यक्ष श्री अशोक विंडलास जी ने की। अपने गरिमामयी वक्तव्य में मुख्य अतिथि श्री आर्येंद्र शर्मा जी ने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराएं ही समाज को एक सूत्र में पिरोने की सबसे बड़ी शक्ति हैं। स्वदेशी महोत्सव जैसे आयोजन न केवल स्थानीय प्रतिभाओं, शिल्पकारों और उद्यमियों को एक प्रभावी मंच प्रदान करते हैं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी नई पीढ़ी तक जीवंत रूप से पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने महिला उद्यमियों, साहित्यकारों और आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए समाज के हर वर्ग से स्वदेशी अपनाने और ऐसे आयोजनों को निरंतर समर्थन देने का आह्वान किया।

वहीं सांस्कृतिक संध्या के इस विशेष चरण में आयोजित कवयित्री सम्मेलन में आमंत्रित प्रख्यात कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से साहित्य, समाज, नारी संवेदना और जीवन के विविध पहलुओं को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। सम्मेलन में मीरा नवेली, अंशु जैन, रेणु झा, भारती मिश्रा, नीरू गुप्ता, उर्मिला सिंह, शिवानी रात्रा, गार्गी मिश्रा, तस्नीमा कौसर एवं कविता बिष्ट ने अपनी भावपूर्ण काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को पूरी तरह बांध लिया। कार्यक्रम में जुनून दास अकादमी के निदेशक करताना सिंगल के नेतृत्व में सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए । कार्यक्रम का संचालन कवयित्री एवं शायरा मीरा नवेली ने किया।

यह भी बता दें कि स्वदेशी महोत्सव में लगाए गए विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल एवं योजनाओं के माध्यम से जन-जागरण किया जा रहा है, साथ ही ग्राम्य विकास विभाग, उद्योग विभाग, यूपीसीएल, एमडीडीए, पिटकुल, उरेडा, यूजेवीएनएल, डेयरी विकास विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विभाग, सहित स्थानीय उत्पादों के विभिन्न स्टॉल लगाए गए है, जिससे निर्माताओं को सीधा और बेहतर बाजार मिल रहा है।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में स्मृति विकास संस्थान के पदाधिकारियों सहित उमेश कनौजिया, धीरेंद्र प्रताप सिंह, शशिकांत दुबे, वरिष्ठ कवि श्रीकांत शर्मा, जसवीर हालदार, डॉ. शिल्पा, डॉ. सुधांशु ध्यानी सहित तमाम सहयोगी, महिला उद्यमी, साहित्यकार और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहें।

Share it